मोहाली के हरलालपुर गांव में एनडीपीएस मामले में दबिश देने गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे की है, जब सदर थाना खरड़ में तैनात अंडर ट्रेनिंग एसआई गुरविंदर सिंह अपनी टीम के साथ आरोपियों को पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस की वर्दी भी फट गई। हमले में एसआई गुरविंदर सिंह के सिर में चोट आई, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बावजूद पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी हुई है।

Posted inPunjab