जालंधर की शेर सिंह कॉलोनी में मिले सड़े-गले शव की पहचान 32 वर्षीय तनिष अरोड़ा उर्फ नन्नी के रूप में हुई है। परिवार ने हत्या का आरोप उसके साथी दीपक पर लगाया है, जो वारदात के बाद से परिवार सहित फरार है।
परिजनों के अनुसार, तनिष की हत्या बेहद बेरहमी से की गई। शव को गर्दन, धड़, जांघ और पैरों के पास से काटकर तिरपाल और बोरे में लपेटकर बाथरूम में छिपाया गया था। परिवार का दावा है कि आरोपी शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था, लेकिन मौके पर लोग होने के कारण ऐसा नहीं कर सका।
मृतक के भाई मनीष अरोड़ा ने बताया कि तनिष 3 जून को ऑटो लेकर घर से निकला था, जबकि 5 जून को उसकी लाश मिलने की सूचना मिली। घटना के बाद से तनिष का ऑटो भी गायब है।
परिवार का कहना है कि आरोपी दीपक पर पहले भी हत्या का मामला दर्ज है और वह 2024 में 6 लोगों पर चाकू से हमला कर चुका है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

