पंजाब के बटाला क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (AAP) के यूथ विंग जिला प्रधान और गांव कादियां राजपूतां के सरपंच गुरविंदर सिंह पर मंगलवार देर शाम जानलेवा हमला किया गया। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे उनके दोनों पैरों में गोलियां लगीं।
घायल सरपंच को तुरंत बटाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अमृतसर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें गैंगस्टर आदेश जमाराये और निशान जोड़ियां ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि वायरल पोस्ट की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
