होशियारपुर में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहे एक कैदी की मुठभेड़ में मौत हो गई। शनिवार को पुलिस तीन विचाराधीन कैदियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाई थी। इसी दौरान आरोपी नसीब सिंह ने भागने की कोशिश की और सीनियर कांस्टेबल जसदीप सिंह पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में कांस्टेबल के हाथ, चेहरे और पैर पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस के मुताबिक आरोपी को रोकने के लिए पहले चेतावनी दी गई और जमीन पर फायर भी किया गया, लेकिन हाथापाई के दौरान आरोपी ने पुलिस का हथियार छीनने की कोशिश की। इसी दौरान चली गोली से नसीब सिंह घायल हो गया, जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई।
SSP संदीप कुमार मलिक ने बताया कि आरोपी होशियारपुर जेल में बंद था और उसका पिता भी NDPS केस में जेल में है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास चाकू कैसे पहुंचा।
