क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल : काली वेई नदी में शुक्रवार सुबह युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए। मृतकों की पहचान राम बालक (पुत्र अशोक कुमार, निवासी गांव अदालत चक्क) और नेहा (पुत्री हीरा लाल, निवासी गांव अदालत चक्क) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पिछले तीन दिनों से लापता थे। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे गुरुद्वारा श्री संत घाट साहिब के पीछे काली वेई नदी से पुलिस ने शव बरामद किए। मृतक युवक के पिता अशोक कुमार ने बताया कि नेहा उनके बड़े भाई की साली थी, यानी परिवार से ही संबंधित थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सुल्तानपुर लोधी के एडिशनल एस.एच.ओ. सब-इंस्पेक्टर रजिंदर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को नदी से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल, सुल्तानपुर लोधी की मोर्चरी में भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिवार के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना की असली वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।