क्राइम खबरनामा,गौरव नागपाल: पंजाब पुलिस ने संगरूर जेल में चल रहे तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। जेल की चेकिंग के दौरान पुलिस ने 9 मोबाइल फोन, 4 स्मार्टवॉच, 50 ग्राम अफीम और अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद किया। शुरुआती जांच में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की भूमिका सामने आई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया पर इस खुलासे की जानकारी दी। जांच के दौरान जेल के डीएसपी सुरक्षा गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जो जेल के भीतर ड्रग्स और मोबाइल फोन की तस्करी में शामिल था। वह यूपीआई के जरिए अपने परिवारिक सदस्यों के खातों में पैसे मंगवा रहा था।
डीजीपी ने बताया कि इस मामले के तार अमृतसर से पकड़े गए तस्कर मनप्रीत सिंह से जुड़े हैं, जो संगरूर जेल में बंद कैदी गुरविंदर सिंह का सहयोगी है। मनप्रीत के पास से पुलिस ने 4 किलोग्राम हेरोइन, 5.5 लाख की ड्रग मनी और एक ग्लॉक पिस्तौल बरामद की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।