पंजाब में मंगलवार रात तीन घंटे के भीतर जालंधर और अमृतसर में BSF हेडक्वार्टर के बाहर जोरदार धमाके हुए। जालंधर में BSF मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में धमाका हुआ, जिसकी आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है, जबकि स्कूटी चालक गुरप्रीत सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
वहीं अमृतसर के खासा इलाके में भारत-पाक सीमा के पास BSF हेडक्वार्टर के बाहर दो नकाबपोश बाइक सवारों ने कथित तौर पर विस्फोटक फेंका, जिससे दीवार और टीन शेड को नुकसान पहुंचा। पुलिस को ग्रेनेड हमले की आशंका है और आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटनास्थल पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई देने की बात सामने आई है। फिलहाल दोनों मामलों में हर एंगल से जांच जारी है। शुरुआती जांच में दोनों मामलों में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) इस्तेमाल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इन धमाकों में कोई घायल नहीं हुआ।

