पंजाब: पठानकोट पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की ISI से जुड़े एक हाई-टेक जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में रविवार देर रात गुरदासपुर से 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें मुख्य आरोपी बलजीत सिंह उर्फ बीतू का सगा भाई हरदीप सिंह भी शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी देश विरोधी गतिविधियों में शामिल थे और पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर्स के संपर्क में रहकर काम कर रहे थे। अब तक इस मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सुजानपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर एक दुकान में विशेष सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। इन कैमरों के जरिए भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों की मूवमेंट को रिकॉर्ड कर उसकी लाइव फीड इंटरनेट के माध्यम से पाकिस्तान भेजी जा रही थी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर मामला मान रही हैं और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
