पंजाब में गेहूं की खरीद और लिफ्टिंग में हो रही देरी से नाराज किसानों ने आज राज्य के 18 जिलों में ‘रेल रोको’ आंदोलन का ऐलान किया है। KMM और SKM के आह्वान पर किसान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक पटरियों पर बैठकर ट्रेनों का चक्का जाम करेंगे। किसानों का आरोप है कि मंडियों में बारदाने की कमी और लिफ्टिंग धीमी होने के कारण उन्हें हफ्तों तक फसल के साथ इंतजार करना पड़ रहा है।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक खरीद प्रक्रिया में तेजी नहीं लाई जाती, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि केंद्र ने एफसीआई को जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं और खरीद मानकों में भी छूट दी गई है। आंदोलन के चलते कई ट्रेनों के प्रभावित होने की संभावना है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

