पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया। बटाला के फतेहगढ़ चूड़ियां क्षेत्र के गांव कादियां राजपूतां में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली।
जानकारी के अनुसार, मृतक बरिंदर सिंह उर्फ बिंदा (42) और उसकी पत्नी परमशील उर्फ शैली (40) के बीच पिछले कुछ समय से तनाव चल रहा था। रविवार देर शाम दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसा तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि गुस्से में आकर बरिंदर सिंह ने अपने लाइसेंसी हथियार से पहले पत्नी को गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।
घटना के समय घर में कोई और मौजूद नहीं था। इस दंपती की दो मासूम बेटियां हैं, जिनकी उम्र 9 और 7 साल है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बटाला के सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात घरेलू कलह का नतीजा है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
