जालंधर के बस्ती शेख इलाके में नाखा वाले बाग के पास खड़े एक ऑटो से युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान न्यू दशमेश नगर निवासी के रूप में हुई है। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से इंसाफ की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के जरिए मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक युवक ऑटो चलाता था और मंगलवार को काम के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसकी तलाश की और पुलिस को भी सूचना दी, मगर कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह एक व्यक्ति ने सड़क किनारे खड़े लावारिस ऑटो की सूचना दी। जब मौके पर जाकर देखा गया तो युवक का शव अंदर पड़ा मिला।
ऑटो मालिक के अनुसार, मृतक पिछले एक सप्ताह से उसका ऑटो चला रहा था और समय पर वाहन लौटाता था, लेकिन उस दिन देर रात तक वह नहीं आया। वहीं, परिवार ने बताया कि युवक शादीशुदा था और उसका एक छोटा बेटा भी है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और मौत के पीछे की वजह जानने की कोशिश जारी है।

