जालंधर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। बस स्टैंड पुल के नीचे नाकेबंदी कर ट्रैफिक पुलिस ने रांग साइड से आ रहे वाहनों के चालान काटे।
कार्रवाई के दौरान सबसे ज्यादा ई-रिक्शा चालकों पर शिकंजा कसा गया, जो सवारी के चक्कर में गलत दिशा में वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डाल रहे थे। इसके साथ ही दोपहिया और ऑटो चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर की गई है। कई बार चेतावनी देने के बावजूद जब लोग नहीं माने, तो सख्ती करनी पड़ी।
पुलिस ने कुछ लोगों को मौके पर समझाया भी, लेकिन जो जानबूझकर नियम तोड़ते मिले, उनके चालान काट दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि रांग साइड ड्राइविंग सड़क हादसों की बड़ी वजह है, इसलिए ऐसे नियम तोड़ने वालों पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
