जालंधर पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर की अगुवाई में हुई कार्रवाई में आरोपियों के पास से 8 अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौलें और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद हथियारों में PX5, तुर्की निर्मित जिगाना पिस्तौल समेत .30 और .32 बोर की पिस्तौलें शामिल हैं।
पंजाब के DGP गौरव यादव ने बताया कि आरोपी दो हत्या मामलों में वॉन्टेड थे और इनके संबंध विदेश में बैठे राष्ट्र-विरोधी हैंडलरों से जुड़े हुए हैं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर चारों को गिरफ्तार किया। अब पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच में जुटी है।

