जालंधर के रामा मंडी इलाके में HDFC बैंक के ATM पर धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित महिला जब अपने परिजनों के साथ पैसे निकालने पहुंची, तो मशीन में कार्ड डालने के बाद न तो पैसे निकले और न ही कार्ड वापस आया। मशीन पर लगे एक फर्जी हेल्पलाइन नंबर के जरिए ठगों ने उन्हें झांसे में लिया। पास खड़े कुछ युवकों ने खुद को मददगार बताते हुए पीड़ित को उसी नंबर पर कॉल करने के लिए कहा और बातचीत के दौरान चालाकी से उनका ATM पिन जान लिया।
जैसे ही पीड़ित परिवार को शक हुआ, उनके मोबाइल पर खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। ठगों ने कार्ड का इस्तेमाल कर चार बार पैसे निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत कार्ड ब्लॉक करवाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे SHO ने जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

