अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने 7 अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौल और 2 किलो 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में 26 वर्षीय खुश कुमार उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया है, जो गुरु वाली गेट इलाके का रहने वाला है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी इलाके में कपड़ों की दुकान चलाता था, लेकिन दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध गतिविधियों में शामिल था। आरोपी पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद हथियार गैंगस्टर नेटवर्क तक पहुंचाने के लिए मंगवाए गए थे। इनमें तुर्की की ग्लैडिएटर, इटली की बेरेटा समेत ऑस्ट्रिया और चीन में बने हथियार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के संबंध कुख्यात अपराधी बॉबी मल्होत्रा और पाकिस्तानी तस्करों से भी जुड़े पाए गए हैं। सीआईए स्टाफ की टीम ने इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सीमा पार बैठे तस्करों की पहचान में जुटी है और जल्द ही बड़ी गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
