जालंधर में साईं दास स्कूल की ग्राउंड में होने वाले भगवान बालाजी के जागरण को लेकर देर रात हुए विवाद के बाद विधायक रमन अरोड़ा ने बड़ा कदम उठाया है। विधायक ने अपने गनमैन वापस करने का ऐलान करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की। उन्होंने कहा कि जिस पुलिस द्वारा धार्मिक कार्यक्रम रुकवाने की कोशिश की जा रही हो, ऐसी सुरक्षा वह अपने साथ नहीं रखना चाहते।

विधायक रमन अरोड़ा का कहना है कि वह हर साल श्रद्धा और धूमधाम से भगवान बालाजी का जागरण करवाते हैं, लेकिन इस बार राजनीतिक रंजिश के चलते प्रशासन आयोजन में बाधा डाल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमेटी द्वारा जरूरी अनुमति लेने के बावजूद पुलिस ने जागरण की तैयारियों में अड़चन डालने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि देर रात साईं दास स्कूल ग्राउंड में माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद विधायक रमन अरोड़ा मौके पर पहुंचे। उनके साथ कई हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

