पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) मोहाली ने एक बड़े गैंग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह गैंग विदेश में बैठे अपराधियों के इशारों पर काम कर रहा था।पुलिस ने इस संयुक्त ऑपरेशन के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान इनके पास से दो विदेशी निर्मित .30 बोर पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इन आरोपियों के तार अबोहर में हुए चर्चित हत्याकांड से जुड़े हैं। जुलाई 2025 में न्यू वियर वेल शोरूम के मालिक संजय वर्मा की हत्या में भी इनका रोल सामने आया है। आरोपियों में से एक ने मुख्य हमलावरों को लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराया था। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में आरोपियों को रिमांड पर लेकर कई और खुलासे होने की उम्मीद है।

