पंजाब में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों ने एक बार फिर लोगों को चौंका दिया है। 19 किलो वाला सिलेंडर एक झटके में करीब 1000 रुपए तक महंगा हो गया है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP) का सिलेंडर जहां 2190 से बढ़कर 3190 रुपए तक पहुंच गया, वहीं इंडेन सिलेंडर भी लगभग 993 रुपए महंगा हो गया है। कंपनियों के रेट में मामूली 7 से 10 रुपए का फर्क देखने को मिल रहा है।
इस भारी बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा कारोबार पर पड़ने वाला है। दिल्ली में भी कमर्शियल सिलेंडर का दाम 3071.50 रुपए तक पहुंच चुका है। ऐसे में खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ना लगभग तय है, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि वे पहले ही रोटी और दाल के दाम बढ़ा चुके हैं, लेकिन अब दोबारा रेट बढ़ाने की मजबूरी बन गई है। सिर्फ 15 दिनों के भीतर दूसरी बार कीमतें बढ़ने से ग्राहक और कारोबारियों दोनों की चिंता बढ़ गई है।

