जालंधर के चिकचिक चौक पर मामूली सड़क हादसा उस वक्त बड़े बवाल में बदल गया, जब कार और एक्टिवा की टक्कर के बाद दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और बीच सड़क जमकर हंगामा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ युवकों ने एक्टिवा सवार पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मामला तब और भड़क गया जब कथित तौर पर फतेह गैंग से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच टकराव इतना बढ़ा कि हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए एक्टिवा को आग लगा दी। दिनदहाड़े सड़क पर हुई आगजनी और गैंग भिड़ंत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस भारी बल के साथ पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
