लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह कटरा स्पेशल ट्रेन (04081) में तकनीकी खराबी के कारण बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन के चलने के दौरान दो कोचों को जोड़ने वाला कपलर टूट गया, जिससे एस-2 कोच के वॉशरूम हिस्से में दरार आ गई और तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
रेलवे अधिकारियों की जांच में सामने आया कि कोच के पुराने होने के कारण वेल्डिंग फेल हो गई थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कोई विस्फोट नहीं था और घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, पुलिस और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। रेलवे ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
