जालंधर के मेहतपुर क्षेत्र में पुलिस रेड के दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई, जिसके बाद मामला विवादों में घिर गया है। मृतक की पहचान लवप्रीत उर्फ लवी के रूप में हुई है, जो अटेंप्ट टू मर्डर केस में वांछित बताया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची टीम का मौके पर मौजूद लोगों से विवाद हो गया। स्थिति बिगड़ने पर फायरिंग हुई, जिसमें लवप्रीत घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस की कहानी पर सवाल उठाते हुए फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लवप्रीत घर के बाथरूम में था और बाहर निकलते ही उसे पीछे से गोली मार दी गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

