फिरोजपुर के कैंट क्षेत्र स्थित एक मशहूर रेस्टोरेंट में बुधवार को भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयानक थी कि उसका धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
इस हादसे में रेस्टोरेंट में काम करने वाला कर्मचारी तुलसी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आग लगने से रेस्टोरेंट के अंदर रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि इमारत की ऊपरी मंजिल तक पहुंचने का सीधा रास्ता नहीं था, जिसके कारण राहत और बचाव कार्य में काफी परेशानी आई।
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

