पंजाब : संगरूर के मूनक में एक शादी समारोह के दौरान परोसा गया खाना लोगों के लिए मुसीबत बन गया। समारोह में खाना खाने के बाद करीब 250 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
हालात ऐसे हो गए कि मूनक के सरकारी अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज पहुंच गए और बेड कम पड़ने पर कई लोगों का इलाज जमीन पर गद्दे बिछाकर किया गया। कुछ मरीजों को निजी अस्पतालों और हरियाणा के टोहाना में भी भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने खाने के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
