जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के नजदीक दकोहा फाटक पर दर्दनाक हादसा हो गया। बंद रेलवे फाटक के बावजूद ट्रैक पार कर रही एक महिला तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान महिला के साथ मौजूद बच्चा बाल-बाल बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चंडीगढ़ से अमृतसर जा रही ट्रेन फाटक के बेहद करीब पहुंच चुकी थी। इसी दौरान महिला ने बच्चे के साथ रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश की। ट्रेन अचानक सामने आने से महिला संभल नहीं पाई और उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने पहुंचकर शव को ट्रैक से हटाया और पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में महिला के प्रवासी होने की बात सामने आई है। पुलिस अब उसकी पहचान और ठिकाने को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

