प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता संजीव अरोड़ा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार सुबह ईडी की टीम ने चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी निवास पर छापा मारा, जहां कई घंटों तक दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मंत्री से लंबी पूछताछ भी की, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह मामला कथित मनी लॉन्ड्रिंग, विदेशी लेनदेन में गड़बड़ी, जमीन से जुड़े विवादों और संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों से जुड़ा बताया जा रहा है। ईडी की टीम ने सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं, बल्कि लुधियाना, जालंधर और गुरुग्राम में भी अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। जांच एजेंसी कुछ कंपनियों और कारोबारी लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

