जालंधर के एक इमिग्रेशन ऑफिस में पैसों के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। ऑफिस स्टाफ और एक सिख युवक के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला लात-घूंसों तक पहुंच गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान युवक पर कांच के गिलास से हमला किया गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी पगड़ी खून से लथपथ हो गई।
पूरी घटना ऑफिस में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में युवक और स्टाफ के बीच पहले बहस होती दिख रही है, फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो जाती है। आरोप है कि स्टाफ के कुछ लोगों ने युवक को घेरकर पीटा और गिलास मारकर घायल कर दिया।
घटना के बाद दोनों पक्ष बस स्टैंड थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

