पंजाब के जालंधर से इस समय एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां श्याम नगर इलाके में एक जोरदार धमाका होने से हड़कंप मच गया। यह घटना गुलाब देवी हॉस्पिटल रोड के पास की बताई जा रही है। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, जिस स्थान पर यह ब्लास्ट हुआ, वहां अवैध रूप से LPG सिलेंडरों की रिफिलिंग का काम किया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी अवैध गतिविधि के दौरान गैस रिसाव या तकनीकी लापरवाही के कारण यह विस्फोट हुआ।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उक्त जगह पर लंबे समय से सिलेंडरों से गैस निकालने का काम चल रहा था, जिसकी शिकायतें भी पहले की जा चुकी थीं। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही धमाके के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

