मोहाली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने दिनदहाड़े ऑफिस में घुसकर एक युवती की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवती अपने डेस्क पर काम कर रही थी, तभी आरोपी पीछे से आया और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
हमले के बाद युवती जान बचाने के लिए ऑफिस से बाहर की ओर भागी, लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा और लगातार वार करता रहा। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, मगर हमलावर चाकू दिखाकर उन्हें डराता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने कुछ ही सेकेंड में युवती पर कई बार चाकू से वार किए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पर भी हमला कर लिया और चाकू से अपना गला काट लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि युवती की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पहले रिश्ते में थे, लेकिन कुछ समय पहले उनका ब्रेकअप हो गया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

