लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त कार्रवाई में इंटरनेशनल क्रिमिनल सिंडिकेट और आतंकी-गैंगस्टर गठजोड़ का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े 2 और गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से मिलिट्री-ग्रेड के 2 जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से पंजाब में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी लक्खा गैंग से जुड़े हुए हैं।
इस मामले की शुरुआत 17 मई को हुई थी, जब पुलिस ने लाडोवाल इलाके में टारगेट किलिंग की साजिश को विफल करते हुए 2 शूटरों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान विदेशी हैंडलरों और विस्फोटक सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ। आगे की जांच के बाद पुलिस ने माझा क्षेत्र से 2 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। हैंड ग्रेनेड बरामद होने के बाद पुलिस ने केस में विस्फोटक अधिनियम की सख्त धाराएं भी जोड़ दी हैं और अब पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
