जालंधर और अमृतसर ब्लास्ट मामलों में NIA ने जांच शुरू कर दी है। बुधवार को एजेंसी की टीमें दोनों जगह पहुंचीं। वहीं पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि विस्फोटक सप्लायर दविंदर को जमशेर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने चंडीगढ़ BJP हेडक्वार्टर ग्रेनेड अटैक में भी विस्फोटक सप्लाई किए थे। पुलिस के मुताबिक उसे पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और विस्फोटक मिलते थे।
इसी बीच जालंधर ब्लास्ट का नया CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें एक पगड़ीधारी युवक बाइक पर घटनास्थल के पास रुकता दिख रहा है। उसके वहां से जाने के करीब 15 सेकेंड बाद धमाका हो जाता है। वहीं अमृतसर में आर्मी कैंप के बाहर फेंका गया ग्रेनेड दीवार से टकराकर फट गया। पुलिस ने मामले में रिटायर्ड BSF जवान के बेटे को भी हिरासत में लिया है।

