जालंधर पुलिस लाइन में कमिश्नरेट पुलिस जालंधर की ओर से 17 सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के सम्मान में विशेष विदाई समारोह का आयोजन किया गया। ये सभी अधिकारी लंबे समय तक समर्पित सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। 
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर (IPS), ADCP-HQ श्री सुखविंदर सिंह (PPS) और ACP-HQ श्री कर्नैल सिंह (PPS) ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी ईमानदार सेवा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निभाई गई ड्यूटी के लिए आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान कमिश्नरेट पुलिस के अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार साझा करते हुए रिटायर्ड अधिकारियों की लंबी सेवा, समर्पण और विभाग के प्रति उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। इन 17 अधिकारियों में 2 इंस्पेक्टर, 3 सब-इंस्पेक्टर और 12 सहायक सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं, जिन्होंने विभिन्न थानों, यूनिटों और शाखाओं में अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाई।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे। पुलिस विभाग ने उनके सहयोग और समर्थन के लिए भी विशेष धन्यवाद दिया। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों को उनके जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि उनका आगामी जीवन शांति, खुशहाली और संतोष से भरा रहे।

