पंजाब के संगरूर जिले के शादीहरी गांव में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां समझौता कराने पहुंचे बाप-बेटे की उनके ही दामाद ने गोली मारकर हत्या कर दी। बुधवार देर रात हुई इस डबल मर्डर की घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार गुरविंदर सिंह का अपनी पत्नी वीरपाल कौर के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी झगड़े को सुलझाने के लिए उसके ससुर लखबीर सिंह और साला जगसीर सिंह शादीहरी गांव पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विवाद अचानक बढ़ गया और गुस्से में आकर गुरविंदर सिंह ने दोनों पर फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

