कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने पंजाब सरकार की “युद्ध नशों विरुद्ध” मुहिम के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर जालंधर धनप्रीत कौर IPS के दिशा-निर्देशों पर DCP Investigation मनप्रीत सिंह ढिल्लों, ADCP Investigation जयंत पुरी और ACP (D) अमरबीर सिंह की निगरानी में स्पेशल सेल की टीम ने 2 नशा तस्करों को 300 ग्राम हेरोइन और मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक स्पेशल सेल की टीम Y-पॉइंट, CT इंस्टीट्यूट के पास प्रतापपुरा में नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल (PB09-AH-6441) पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी के दौरान बाइक के साइड टूल बॉक्स से 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगदेव सिंह निवासी गांव धर्म सिंह दी छन्ना, थाना महितपुर और कुलविंदर सिंह निवासी गांव सैदूपुर, थाना सदर नकोदर, जिला जालंधर के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना सदर कमिश्नरेट जालंधर में NDPS एक्ट की धाराओं 21C, 29, 61 और 85 के तहत केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे मिलकर अलग-अलग ग्राहकों को हेरोइन सप्लाई करते थे। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है।
