पंजाब के पटियाला में राजपुरा-शंभू के बीच डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCI) रेलवे ट्रैक पर सोमवार रात जोरदार धमाका हुआ। ब्लास्ट से ट्रैक को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद RPF, GRP और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि धमाका कम तीव्रता का था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया, जबकि ट्रैक की मरम्मत का काम जारी है।
घटनास्थल से एक क्षत-विक्षत शव मिलने से मामला और रहस्यमय हो गया है। आशंका जताई जा रही है कि बम प्लांट करते समय आरोपी की ही मौत हुई हो, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और ब्लास्ट के कारणों व शव के संबंध की जांच जारी है।

