जालंधर में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच की टीम ने नाकेबंदी के दौरान एक ब्रीजा कार से 800 ग्राम हेरोइन बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत ढिल्लों ने बताया कि इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह की अगुवाई में टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें यह खेप बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसकरण सिंह उर्फ करण और सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा, दोनों निवासी तरनतारन, के तौर पर हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पिछले करीब छह महीने से नशा तस्करी से जुड़े हुए थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, जहां पूछताछ के दौरान नशा नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।

