पंजाब के बटाला में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित नशा तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6.5 किलो हेरोइन, .30 बोर पिस्तौल, कारतूस और करीब 1 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जबरन वसूली, नशा तस्करी और हथियार सप्लाई के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। पुलिस के अनुसार इस गिरोह के तार विदेश में बैठे शरारती तत्वों से भी जुड़े हो सकते हैं।
30 मार्च 2026 को बटाला के सिविल लाइन्स इलाके में हुई फायरिंग की घटना में भी इन आरोपियों का लिंक सामने आया है। जांच के बाद पुलिस ने वंश और सुखचैन को गिरफ्तार किया, जिनसे पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए। इसके बाद पुलिस ने रविपाल और एक नाबालिग को भी नामजद कर गिरफ्तार किया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे व गिरफ्तारियां जल्द हो सकती हैं।

