फाजिल्का में स्टेट स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को एक हैंडलर जोधा को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि वह पंजाब में अमन-शांति भंग करने के लिए हैंड ग्रेनेड उपलब्ध करवा रहा था। इस मामले में पहले ही 17 मार्च को काउंटर इंटेलीजेंस ने फिरोजपुर में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपू और हरमंदर सिंह उर्फ निक्का को स्कूटी पर ग्रेनेड की डिलीवरी करते समय गिरफ्तार कर बड़ी साजिश नाकाम की थी।
पुलिस के मुताबिक ग्रेनेड सीमा पार से चल रही अवैध सप्लाई चेन का हिस्सा थे और आरोपियों के तार विदेश में सक्रिय आतंकी संगठनों से जुड़े हैं। तरनतारन निवासी जोधा फरार चल रहा था, जिसे अब गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है और मामले में गहन पूछताछ जारी है।

