क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: लंदन में पिछले दिनों लापता जालंधर के मॉडल टाउन निवासी युवक गुरशमन सिंह की मौत की सूचना मिली है। उसके समुद्र में डूबने की खबर मिलने के बाद से उसके स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। 23 वर्षीय गुरशमन सिंह लंदन में लाफबॉरो विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहा था। वह 15 दिसंबर से लापता था। उसके परिवार ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है।
स्वजन ने बताया कि गुरशमन सिंह कुछ समय पहले पढ़ाई के लिए लंदन गया था। उसका 15 दिसंबर को जन्मदिन था और वह विश्वविद्यालय गया था। उसकी कुछ दिन पहले उसके पिता से बात हुई थी तो उसने बताया था कि वह दोस्तों के साथ पार्टी में गया है।
हालांकि, उसे यह नहीं पता था कि वह कौन-सी जगह पर था। आखिरी बार उसे पूर्वी लंदन के कैनरी वार्फ में देखा गया था। इसके बाद संपर्क नहीं होने पर उन्होंने सरकार से बेटे को ढूंढ़ने के लिए मदद की गुहार लगाई थी। इसी बीच उसकी मौत की सूचना मिली है। स्वजन का आरोप है कि किसी ने उसे समुद्र में धक्का देकर उसकी हत्या की है।