क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने ISI द्वारा प्रायोजित आतंकी और सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक AK-47 राइफल, दो मैगजीन, 36 जिंदा कारतूस और तीन ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल बरामद की गई हैं।
डीजीपी गौरव यादव के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और सोशल मीडिया के जरिए उनके निर्देशों पर काम कर रहे थे। यह मॉड्यूल युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और भारत व पुलिस विरोधी प्रचार फैलाने में भी शामिल था।
इस मामले में अमृतसर ग्रामीण के घरिंडा थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पंजाब पुलिस ने कहा है कि आतंकवाद और अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।

