क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल : बठिंडा में नेशनल हाईवे किनारे एक सूटकेस में पैक युवती की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं और शव आधा जला हुआ था।
दोपहर के समय कुछ ग्रामीण खेतों में काम कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कुत्तों को एक सूटकेस खींचते हुए देखा। शक होने पर जब सूटकेस की जांच की गई तो उसके अंदर युवती का शव मिला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को सील कर फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। युवती की पहचान के लिए कोई ठोस दस्तावेज नहीं मिले, लेकिन उसकी गर्दन के नीचे ‘काकू’ नाम का टैटू बना हुआ है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को जलाने की कोशिश की गई। जब आरोपी इसमें सफल नहीं हुए तो शव को सूटकेस में बंद कर सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
