क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल : होशियारपुर के गढ़शंकर क्षेत्र में शनिवार तड़के दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। धार्मिक कुटिया में माथा टेककर घर लौट रही पंजाब पुलिस के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर की पत्नी रचना देवी (62) की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। महिला को सामने से तीन गोलियां मारी गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना सुबह करीब 5 बजे महदवाणी गांव के पास हुई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार रचना देवी रोजाना धार्मिक कुटिया में माथा टेकने जाती थीं। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में वारदात को पूरी तरह सुनियोजित बताया जा रहा है।

