क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से चल रहे नशा और हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.5 किलो हेरोइन, दो आधुनिक पिस्तौल—एक 9 एमएम और एक .30 बोर—34 जिंदा कारतूस और करीब 1 लाख 98 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे और सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित तस्करों से जुड़े हुए थे। इन्हीं के निर्देश पर सीमा पार से भेजी गई हेरोइन और हथियारों की खेप पंजाब में सप्लाई की जा रही थी।
डीजीपी के मुताबिक, सिविल लाइंस थाना अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस नेटवर्क से जुड़े फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई पूरी सख्ती से जारी रहेगी।

