क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: लुधियाना के निकट गांव खाकट के पास एक सड़क दुर्घटना में शादी के बाद घर लौट रहे एक परिवार की कार ट्रक से टकरा गई, जिससे दुल्हन के माता-पिता और चाची की मौत हो गई। दो अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हैं।
फतेहगढ़ साहिब (सरहिंद) के कारोबारी अशोक नंदा और उनका परिवार शादी समारोह के बाद इनोवा कार में अपने घर वापस लौट रहा था। उनकी बेटी गजल की शादी जालंधर निवासी से हुई थी, जिसका कार्यक्रम लुधियाना के एक मैरिज पैलेस में आयोजित किया गया था।
जानकारी के अनुसार, अचानक सामने चल रहे एक ट्रक (RJ20GB-3704) के ब्रेक लगाने से तेज गति से चल रही इनोवा कार उससे जा टकराई और कई मीटर तक घिसट गई। इस हादसे में अशोक नंदा, उनकी पत्नी किरण नंदा और चाची रेनू बाला की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे का समाचार मिलते ही जालंधर जा रही दुल्हन की डोली आधे रास्ते से ही वापस मुड़ गई। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। परिवार की शादी की खुशियां अचानक इस सदमे ने गहरे शोक में बदल दी हैं।

