क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: जालंधर के भटनूरा लुबाना गांव का 29 वर्षीय युवक अरविंदर सिंह इंग्लैंड जाने की कोशिश के दौरान लापता हो गया है। जानकारी के अनुसार, अरविंदर 1 अक्तूबर को फ्रांस से नाव के जरिए इंग्लैंड जा रहे लगभग 80 लोगों के समूह में शामिल था। रास्ते में नाव पलटने से अफरा-तफरी मच गई और तभी से अरविंदर का कोई सुराग नहीं मिला है।
परिवार को यह घटना 2 अक्तूबर को पता चली जब उसी नाव में सवार कपूरथला का एक युवक ने फोन कर बताया कि सभी को बचा लिया गया, लेकिन अरविंदर लापता है।
अरविंदर के भाई अशविंदर सिंह ने बताया कि वह 18 मई को वर्क परमिट वीजा पर पुर्तगाल गया था। वहां कुछ युवकों के संपर्क में आकर उसने इंग्लैंड जाने का फैसला किया। पहले ट्रक से जाने की कोशिश की गई, लेकिन असफल रहने पर नाव से यात्रा की योजना बनाई गई।
अरविंदर ने आखिरी बार 29 सितंबर को परिवार से बात की थी, लेकिन नाव से जाने की जानकारी नहीं दी थी।