माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर आज सुबह करीब 8 बजे बाणगंगा क्षेत्र में भयंकर भूस्खलन हुआ। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते पुराने ट्रैक पर पहाड़ से अचानक भारी मलबा और पत्थर गिरने लगे, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई श्रद्धालु मलबे में फंस गए और कुछ के घायल होने की खबर है।
घटना की जानकारी मिलते ही पिट्ठू, पालकी सेवक, श्राइन बोर्ड के कर्मचारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भूस्खलन से ट्रैक पर बने शेड भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। राहत की बात यह रही कि समय रहते बचाव कार्य शुरू हो गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। प्रशासन ने फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा रोक दी है।