क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: जालंधर के सिविल अस्पताल में उस समय हंगामा मच गया जब एक महिला के शव को मोर्चरी में रखकर परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी गई। मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि महिला की ससुराल वालों ने गला घोंटकर हत्या की है।
मृतका की चाची सुमन ने बताया कि गोरी की शादी सुमित नामक व्यक्ति से 6-7 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं। परिवार का कहना है कि ससुराल पक्ष लगातार उसे परेशान करता था और मारपीट करता था। यहां तक कि पिछले छह महीनों से उसे भोजन भी नहीं दिया जा रहा था और मायके वालों से संपर्क भी बंद कर दिया गया था।
परिजनों का आरोप है कि देर रात महिला की हत्या की गई और अलसुबह उसका शव सिविल अस्पताल में रखकर ससुराल वाले फरार हो गए।
प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें महिला की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर शव के गले पर हैंगिंग के निशान पाए गए हैं। परिजनों के आरोपों के आधार पर बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।