क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल : हिमाचल प्रदेश के शिमला में पुलिस ने सूचना के आधार पर एक निजी होटल में रेड करके पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और पूर्व अकाली नेता सुच्चा सिंह लंगाह के बेटे प्रकाश सिंह लंगाह को 04 दोस्तों के साथ हेरोइन के साथ पकड़ा है। इन दोस्तों में एक महिला मित्र भी शामिल है। सभी नशे में धुत थे। पुलिस ने हेरोइन को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को होटल में युवाओं के नशा करने की सूचना मिली थी। पुलिस की टीम ने होटल के कमरे में रेड की। कमरे में एक महिला सहित पांच लोग थे। पुलिस ने जब सभी से पूछताछ शुरू की, तो एक ने अपनी पहचान प्रकाश सिंह लंगाह के रूप में बताई। प्रकाश ने बताया कि वे सुच्चा सिंह लंगाह का बेटा है, जो दो बार विधायक व पंजाब के पूर्व मंत्री रह चुके हैं।
गौरतलब है कि मई 2021 में भी प्रकाश सिंह लंगाह को गिरफ्तार किया गया था, तब भी उससे हेरोइन जब्त की गई थी। तब पूर्व कैबिनेट मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाए थे और विरोधी होने के चलते जानबूझ कर फंसाने की बात कही थी।