क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल : अमृतसर देहात पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी बलजिंदर सिंह उर्फ बॉबी को एनकाउंटर के बाद काबू में लिया है। यह कार्रवाई थाना चाटीविंड क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि तरनतारन निवासी आरोपी, जिसके खिलाफ मार्च 2025 में हत्या का मामला दर्ज है, चाटीविंड के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही डीएसपी अटारी की अगुवाई में अलग-अलग टीमें गठित कर इलाके में नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस द्वारा रोकने पर आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू में ले लिया गया। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए संदीप गोयल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कुल चार एफआईआर दर्ज हैं—एक हत्या और तीन एनडीपीएस एक्ट के तहत। एनकाउंटर स्थल से चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस आरोपी के किसी गैंगस्टर नेटवर्क या आपराधिक गिरोह से जुड़े होने की संभावनाओं की भी गहन जांच कर रही है। पूरे मामले की हर एंगल से जांच जारी है और आने वाले दिनों में और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
