शहर के लतीफपुरा में पुनर्वास को लेकर जिला प्रशासन और लतीफपुरा पुनर्वास मोर्चा के बीच अहम बैठक में सहमति बन गई है। जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में हुई बैठक में डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रशासन ने 49 फ्लैट (बीबी भानी कॉम्प्लेक्स और सूर्या एन्क्लेव) और 15 प्लॉट अलॉट करने की घोषणा की। परिवारों से 5% राशि नहीं ली जाएगी और फ्लैटों की मरम्मत भी प्रशासन करवाएगा। समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित टीम तैनात की जाएगी। मुआवजे और दर्ज केसों को वापस लेने के मुद्दे पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
उधर, हाईकोर्ट में जमीन कब्जे को लेकर सुनवाई से पहले ही प्रशासन ने पुलिस बल के साथ टेंट हटाने और मलबा उठाने की कार्रवाई की। विरोध की आशंका को देखते हुए इलाके में बैरिकेडिंग की गई।
2022 में हटाए गए करीब 100 परिवारों के मुद्दे पर तीन साल बाद फिर तनाव बढ़ गया। सोमवार-मंगलवार रात पुलिस कार्रवाई के बाद कुछ लोग बूटा मंडी की 150 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए। धूप के कारण एक महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसे लोगों ने संभाला।
