क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल : अमृतसर में पंजाब पुलिस के दो बड़े अधिकारियों के साथ हादसा हो गया। खन्ना पेपर मिल में नशीले पदार्थों की खेप को जलाकर नष्ट करने पुलिस टीम के साथ पहुंचे एसपी तरुण रत्न और डीएसपी सुख अमृत पाल सिंह आग की चपेट में आ गए।
जानकारी मुताबिक यहां पर पहुंचने के बाद दोनों अधिकारी नशे की खेप को बॉयलर में डाल कर जलाने लगे थे। तभी अचानक आग की लपटें इन अधिकारियों पर आ गिरी, जिससे उनके कपड़ों में आग लग गई। देखते ही देखते दोनों ही अधिकारी बुरी तरह से झुलस गए।
आसपास मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने तुरंत आग बुझाई और दोनों पुलिस अधिकारियों को तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि एसपी तरुण करीब 40 प्रतिशत और डीएसपी सुख अमृतपाल करीब 25 से 30 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।